Uttarakhand News, 20 July 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हुई गैंगरेप की घटना को शर्मनाक बताया है। साथ ही उन्होंने कठोर कार्रवाई की बात भी कही है। संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले आज मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी गुनहगार को बख्शा नहीं जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा, ”मणिपुर की जो घटना सामने आई है वो किसी भी सभ्य समाज के लिए ये शर्मसार करने वाली घटना है। गुनाह करने वाले कितने और कौन हैं, वो अपनी जगह पर हैं पर बेइज्जती पूरे देश की हो रही है। मैं सभी मुख्यमंत्रियों से आग्रह करता हूं कि वो अपने राज्यों में कानून व्यवस्थाओं को और मजबूत करें। खासतौर पर हमारी मातओं-बहनों की रक्षा के लिए कठोर से कठोर कदम उठाए।”

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो महिलाओं के साथ क्रूरता के हालिया वायरल वीडियो पर मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह से बात की है।

मॉनसून सत्र से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ”मॉनसून सत्र में आप सभी का स्वागत है। सावन का पवित्र मास चल रहा है। सावन मास पवित्र संकल्प और पवित्र कार्यों के लिए बहुत ही उत्तम माना जाता है। मुझे विश्वास है कि सभी सांसद मिलकर इस सत्र का जनहित में सर्वाधिक उपयोग करेंगे। संसद और हर सांसद की जो जिम्मेवारी है, ऐसे अनेक कानूनों को बनाना और उसपर चर्चा करना बहुत आवश्यक है। चर्चा जितनी पैनी होती है उतना जनहित में दूरगामी परिणाम देने वाले अच्छे निर्णय होते हैं।”

जाने क्या है पूरा मामला
हिंसाग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर से दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। सैंकड़ों की भीड़ दो महिलाओं को सड़क पर निर्वस्त्र कर घुमाती दिख रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देख लोग गुस्से में हैं और प्रशासन से सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। एक आदिवासी संगठन ने आरोप लगाया है कि दोनों महिलाओं के साथ पास के एक खेत में सामूहिक बलात्कार किया गया। इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम (आईटीएलएफ) के एक बयान के अनुसार, यह घटना राज्य की राजधानी इंफाल से लगभग 35 किलोमीटर दूर कांगपोकपी जिले में 4 मई को हुई थी।

हिंसा की आग से जल रहा मणिपुर

कैमरे पर रिकॉर्ड हुई इस डरावनी घटना से एक दिन पहले ही मणिपुर में हिंसा शुरू हुई थी। घाटी-बहुसंख्यक मैतेई और पहाड़ी-बहुसंख्यक कुकी जनजाति के बीच अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मैतेई की मांग को लेकर झड़पें हुईं थी। तब से 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों विस्थापित हुए हैं।

अब इस खौफनाक वीडियो ने सभी को हिलाकर रख दिया है। 2 महिलाओं को दिन में खुलेआम नग्न कर परेड कराया जा रहा है। महिलाओं के साथ पुरुषों की भीड़ चलती दिखाई दे रही है। भीड़ में चल रहे वहसी दरिंदा लड़की को थप्पड़ मार रहे हैं, जबरदस्ती उसके प्राइवेट पार्ट छू रहे हैं। कुकी संगठन ILTF का कहना है कि ये दोनों पीड़िताएं कुकी समाज से थीं। संगठन ने दावा यह भी दावा किया कि मैतेई समुदाय की भीड़ ने महिलाओं को नंगा कर के सड़क पर पहले घुमाया और फिर धान के खेत में ले जाकर उनका गैंगरेप किया।

बेहद डरावना है वीडियो

संगठन ने कहा, “एक वीडियो जो आज वायरल हुआ, उसमें एक बड़ी मैतेई भीड़ दो कुकी-जो आदिवासी महिलाओं को सामूहिक बलात्कार के लिए धान के खेत की ओर नग्न कर ले जाती दिखाई दे रही है। यह घृणित दृश्य 4 मई को कांगपोकपी जिले में हुआ था। यह दिखाता है कि पुरुष लगातार असहाय महिलाएं के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं, वे रो रही हैं और उन्हें छोड़ने की विनती कर रही हैं।” आईटीएलएफ ने राष्ट्रीय महिला आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग से कार्रवाई करने की अपील करते हुए कहा, “इन निर्दोष महिलाओं द्वारा झेली गई भयावह यातनाओं को अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करके और बढ़ाया गया है। वीडियो पीड़ितों की पहचान दर्शाता है।”

घटना पर अब आया पुलिस का बयान

मणिपुर की इस भयानक घटना पर पुलिस का बयान आया है। मणिपुर पुलिस ने कहा कि 4 मई, 2023 को अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा 2 महिलाओं को नग्न कर घुमाए जाने के वायरल वीडियो हमारे संज्ञान में आया है। इस संबंध में, अज्ञात हथियारबंद बदमाशों के खिलाफ नोंगपोक सेकमाई पीएस (थौबल जिला) में अपहरण, सामूहिक बलात्कार और हत्या आदि का मामला दर्ज किया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। राज्य पुलिस दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का पूरा प्रयास कर रही है। राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों ने घाटी और पहाड़ी दोनों जिलों के विभिन्न संवेदनशील और सीमांत क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया।

इस बीच राजनीतिक नेताओं और अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर मणिपुर की घटना पर दुख व्यक्त किया है और केंद्र व राज्य सरकार से इस भयावह कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।