Uttarakhand News, 13 December 2022: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के खोपोली थाना क्षेत्र में 48 छात्रों को लेकर जा रही एक बस पलट गई। इस दौरान दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई छात्रों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायल छात्रों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गौरी मोरे पाटिल ने बताया कि छात्र पिकनिक मनाकर चेंबूर लौट रहे थे, तभी बस पलट गई। मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ब्रेक फेल होने के कारण बस चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया। एक अधिकारी ने बताया कि घटना लोनावाला हिल स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर रात करीब आठ बजे मैजिक प्वाइंट पहाड़ी के पास हुई। उन्होंने बताया कि निजी बस में उपनगर चेंबूर के एक कोचिंग क्लास के कम से कम 48 छात्र यात्रा कर रहे थे, वे सभी 10वीं कक्षा के छात्र हैं।

अधिकारी ने कहा कि लोनावाला (पुणे जिले में स्थित) में एक पिकनिक से लौटते समय, बस के चालक ने ब्रेक फेल होने के कारण खोपोली के पास घाट (पहाड़ी सड़क) इलाके में वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में सभी छात्र और चालक घायल हो गए हैं, उन्हें लोनावला और खोपोली के अस्पतालों में ले जाया गया है।अधिकारी ने कहा कि गंभीर रूप से घायल 17 और 16 साल के दो छात्रों को इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान चेंबूर कैंप निवासी हितिका खन्ना और उपनगरीय घाटकोपर के असलफा गांव निवासी राज राजेश म्हात्रे (16) के रूप में हुई है।