Uttarakhand News 17 July: स्पेन के कार्लोस अल्काराज ने इतिहास रच दिया है। वह विंबलडन 2023 के चैंपियन बन गए हैं। पांच सेट तक चले फाइनल में वर्ल्ड नंबर-वन अल्काराज ने वर्ल्ड नंबर-दो सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 1-6, 7-6(6), 6-1, 3-6, 6-4 से हरा दिया। 20 साल के अल्काराज विंबलडन जीतने वाले स्पेन के तीसरे खिलाड़ी बने। इससे पहले सेंटाना ने 1966 में और राफेल नडाल ने 2008 और 2010 में विंबलडन का खिताब जीता था। 12 साल बाद स्पेन के किसी खिलाड़ी ने यह ग्रैंड स्लैम जीता है।

यह अल्काराज का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले वह 2022 में यूएस ओपन का खिताब जीत चुके हैं। इतना ही नहीं, 2017 के बाद विंबलडन को नया चैंपियन मिला है। 2018, 2019, 2021 और 2022 में जोकोविच ने ही यह खिताब जीता था। वहीं, 2020 में कोरोना की वजह से यह टूर्नामेंट नहीं हो सका था। 2017 में स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर चैंपियन बने थे। इससे पहले शनिवार को चेक गणराज्य की 24 वर्षीय मार्केटा वोंड्रोसोवा ने ट्यूनीशिया की ओंस जेब्यूर को 6-4, 6-4 से हराकर विंबलडन महिला सिंगल्स का खिताब जीता था।

अल्काराज ने बनाए ये रिकॉर्ड

1-अल्काराज ने विंबलडन में जोकोविच के लगातार 34 मैच जीतने के रिकॉर्ड पर फुल स्टॉप लगाया।
2-वह बोरिस बेकर और ब्योर्न बोर्ग के बाद तीसरे सबसे कम उम्र के विंबलडन चैंपियन भी बन गए हैं।
3-ओपन एरा में बेकर और ब्योर्न के बाद अल्काराज 21 साल की उम्र के होने से पहले विंबलडन जीतने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं।
4-दूसरा ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने वाले वह पांचवें सबसे युवा खिलाड़ी हैं। 2022 में अल्काराज ने यूएस ओपन जीता था।
5-अल्काराज जोकोविक को ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में हराने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी हैं।