Uttarakhand News 10 अक्टूबर 2022 लोहाघाट: बारिश की वजह से लोहाघाट क्षेत्र में नुकसान हुआ है। ट्रेजरी के पास देवदार का पेड़ आवासीय भवन में गिर गया। जबकि कई मकानों में दरार आने से प्रभावित परिवारों को अंयंत्र शिफ्ट किया गया है। कई पेयजल योजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

जिले में हो रही भारी बारिश के कारण थाना लोहाघाट क्षेत्र अंतर्गत ट्रेजरी के निकट राम सिंह सामंत पुत्र अमर सिंह सामंत के मकान की छत में एक विशालकाय देवदार का पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन लोहाघाट व पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर आपदा उपकरणों की सहायता से पेड़ को काटकर हटाया। तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कि रविवार को भारी बारिश की वजह से ट्रेजरी के पास राम सिंह सामंत और आदर्श कलौनी में राजेंद्र जोशी के मकान में देवदार के पेड़ गिर गया। हादसे में कोई नुकसान नहीं है। दमकल विभाग पेड़ हटाने में जुटा है। फोर्ती गांव में भुवन बिष्ट के आंगन की दीवार ध्वस्त हो गई। इससे गौशाल और आवासीय भवन को खतरा पैदा हो गया है। बाराकोट ब्लॉक के रेगडू द्यारतोली में शिवराज पुत्र जीत राम के मकान की छत क्षतिग्रस्त हुई है। प्रभावित परिवार को गांव के पंचायत घर में शिफ्ट किया है। पासम में शिवराज सिंह पुत्र जगत सिंह, दीपक सिंह पुत्र प्रेम सिंह के मकान खतरे की जद में आने से प्रावि पासम में शिफ्ट किया है। रेगडू चाक आगर निवासी त्रिलोक सिंह पुत्र देव सिंह के मकान के पीछे की दीवार ढह गई। परिवार को अंयंत्र मकान में शिफ्ट किया गया है। रौंसाल के सिरोड़ी निवासी नरेश राम पुत्र दिवान राम के आवासीय मकान को खतरा होने से दूसरे के घर में शरण ली है। सुल्ला में धर राम पुत्र कुंवर राम के आवासीय मकान को नुकसान पहुंचने पर शिफ्ट किया गया है। सिरमोली के हरीश राम पुत्र जोगा राम के मकान में मलबा आने से रिश्तेदार के यहां शरण ली है। पुलहिंडोला क्षेत्र में कई जगह पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कलीगांव व ट्रेजरी में दो-दो, रौंतली व गलचौड़ा में एक-एक पोल क्षतिग्रस्त हुआ है।