Uttarakhand News, गुरुग्राम 20 अक्टूबर 2022: गुरुग्राम के इफ्को चौक के पास सोमवार की शाम सूटकेस में मिले महिला के शव की पहचान करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान मूलरूप से यूपी के सुल्तानपुर निवासी 20 वर्षीय प्रियंका के रूप में की गई है। महिला ने पिछले साल 2 फरवरी को राहुल नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। तीन दिन पहले घरेलू कलह में राहुल ने ही अपनी प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर कई जगह जलने के निशान भी मिले थे। इसके अलावा उसके गुप्तांग पर भी चोट मारी गई थी। बीते सोमवार को इफ्को चौक के पास सूटकेस में महिला का शव मिला था। इसकी सूचना पुलिस को एक ऑटो रिक्शा चालक ने दी थी। इस पर मामला दर्ज करते हुए डीएलएफ थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। महिला अपने पति के साथ सिरहौल गांव में किराए पर रहती थी। इसके बाद पुलिस का शक सबसे पहले मृतका के पति पर ही गया। क्योंकि आरोपी की तरफ से पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस ने आरोपी राहुल को अगले ही दिन मंगलवार को सिरहौल गांव से ही हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने घरेलू कलह के चलते पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है।