देहरादून में शुक्रवार शाम से जारी बारिश शनिवार की सुबह भी जारी रही। गरज के साथ बौछार पड़ने से जहां गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन कहीं-कहीं जलभराव की समस्‍या भी देखने को मिली। देहरादून में कल रात से हो रही भारी बारिश के चलते सोंग नदी पर बने पूल का एक हिस्सा टूट कर नदी में गिर गया और देहरादून में बाढ़ के हालात हो गए हैं।
ऋषिकेश में भी बारिश हो रही है। पौड़ी में रात्रि से बारिश हो रही है। वहीं मलबा आने से बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है।


हरिद्वार में गंगा का जलस्‍तर चेतावनी रेखा से ऊपर पहुंचा

हरिद्वार में गंगा सुबह 6:00 बजे चेतावनी स्तर 293 मीटर से 70 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की ओर से तटवर्ती इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। बाढ़ राहत चौकियों को मुस्तैद रहने को कहा गया है।

देर रात से हो बारिश से लालढांग क्षेत्र की गंगा सहित बरसाती नदियां ऊफना गई हैं। गंगा कांगड़ी और गाजीवाली गांव से सट कर बह रही है, वहीं बरसाती रवासन नदी भी ऊफान पर है।


चारधाम यात्रा मार्ग बाधित

उत्तरकाशी में रात भर वर्षा होती रही। वर्षा के कारण गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग चार स्थानों पर, जबकि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पांच स्थानों पर बाधित है।
धरासू बैंड के पास यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे शुक्रवार की शाम से बंद है। वर्षा के कारण लगातार भूस्खलन हो रहा है। जिससे राजमार्ग को सुचारू करने बीआरओ व एनएच की टीम को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

रुद्रप्रयाग जनपद में केदारनाथ समेत पूरे जिले में रात्रि से बारिश हो रही है। गौरीकुंड हाइवे कई स्थानों पर अवरुद्ध चल रहा है। बदरीनाथ हाइवे भी सिरोबगड़ में अवरूद्ध है।

धरासू बैंड के पास यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आलवेदर रोड निर्माण के चलते की गई कटिंग का कार्य नासूर बन गया है। शुक्रवार को राजमार्ग दोपहर साढ़े तीन बजे आंशिक रूप से सुचारू किया गया। लेकिन, महज आधे घंटे बाद फिर भूस्खलन हुआ और राजमार्ग बाधित हो गया।