कोटद्वार, लैंसडौन 22 सितंबर 2022: दोस्त को बचाने के लिए एक युवक गुलदार से भिड़ गया और दोनों की जान बच गई। बुधवार सुबह छह बजे दोस्त को गुमखाल छोड़कर वापस पैदल लौट रहे दो युवकों पर झारापानी के पास गुलदार ने हमला कर दिया। घायल युवकों का छावनी चिकित्सालय में उपचार कराया गया। दोनों युवक सेना में भर्ती होने के लिए नगर में किराए पर रह रहे हैं।

छावनी की प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. मनीषा अग्रवाल ने बताया कि सुनील सिंह (24) और धीरज सिंह (23) हाल निवासी लैंसडौन को गुलदार ने घायल कर दिया। गुलदार को देखकर दोनों भागने लगे। इस दौरान उसने सुनील पर हमला कर दिया। हिम्मत दिखाते हुए गुलदार के पंजों से अपने साथी सुनील को छुड़ाने के लिए धीरज गुलदार से भिड़ गया। उसके शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। हमले में दोनों युवकों के हाथ व घुटनों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को छुट्टी दे दी गई है।

वन विभाग ने चार सितंबर को एक गुलदार पिंजरे में कैद कर अन्य किसी सुरक्षित जगह पर छोड़ दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि लैंसडौन पर्यटन नगरी है। यहां गुलदारों के बढ़ते हमले पर्यटन गतिविधियों पर भी असर डालेंगे। समाज सेवी डा. एसपी नैथानी का कहना है कि वन विभाग को ऐसे मामलों में गंभीरता दिखाने की जरूरत है। एक गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद भी हमले जारी रहना गंभीर बात है।