Uttarakhand News 02 Jan 2025: Uttarakhand Weather Update: नई उम्मीदों और आशाओं के साथ ही वर्ष 2025 की शुरुआत काफी सर्द रही है। नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में साल के पहले ही दिन अधिकतम तापमान लुढ़क कर 13.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में 14 वर्ष में पहली बार एक जनवरी को दिन के समय पारा इतना कम दर्ज किया गया। ऐसे में नववर्ष की शुरुआत सबसे सर्द होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह लगा हुआ था हल्का कोहरा
हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्र में बुधवार सुबह हल्का कोहरा लगा हुआ था। दिन चढ़ने के साथ कोहरा तो छंट गया, लेकिन बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर में कुछ देर के लिए धूप के दर्शन हुए। मगर सूर्य थोड़ी ही देर नजर आया। ऐसे में सुबह से लेकर शाम तक कडांके की ठंड पड़ने की वजह से लोगों की कंपकंपी छूटी। वहीं, शाम होते ही पाला गिरना शुरू हो गया।
यह क्रम ऐसा था कि मानो रिमझिम वर्षा हो रही हो। रात होने के साथ ही कोहरा छा गया। मौसम से जुड़े जनवरी के पिछले 13 वर्ष का रिकार्ड देखें तो माह का पहला दिन सबसे ठंडा रहा है। इससे पहले 2013 में एक जनवरी को तापमान 14 डिग्री रिकार्ड किया गया था। इसके बाद इस बार दिन का तापमान सबसे कम रहा है।
दिन और रात के तापमान में सिर्फ दो डिग्री का अंतर
हल्द्वानी और आसपास क्षेत्र में अधिकतम तापमान 13.1 डिग्री दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री रहा है। ऐसे में दिन और रात के पारे में सिर्फ 2.1 डिग्री का ही अंतर है। तापमान की स्थिति से सर्दी के सितम का अनुमान लगाया जा सकता है।
रविवार से बदलेगा मौसम का मिजाज
प्रदेश में रविवार यानी पांच जनवरी से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। पांच से सात जनवरी तक पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिले में वर्षा हो सकती है। इसका प्रभाव मैदानी क्षेत्रों पर भी देखने को मिलेगा।
14 वर्ष का अधिकतम और न्यूनतम पारा
वर्ष – अधिकतम – न्यूनतम
2011 – 15.0 – 9.8
2012 – 19.6 – 13.4
2013 – 14.0 – 4.7
2014 – 20.8 – 7.6
2015 – 22.4 – 10.4
2016 – 24.6 – 6.4
2017 – 24.5 – 9.0
2018 – 19.5 – 6.0
2019 – 20.6 – 3.9
2020 – 23.2 – 2.4
2021 – 15.0 – 9.3
2022 – 18.5 – 7.4
2023 – 20.5 – 7.4
2024 – 13.1 – 11.0
(नोट: अधिकतम और न्यूनतम तामपान डिग्री सेल्सियस में)