Uttarakhand News 04 Jan 2025: Nainital Weather: सरोवर नगरी नैनीताल के मौसम का मिजाज शुक्रवार को अप्रैल व मई जैसी गर्माहट के साथ बीता। मौसम के मिजाज से हर कोई हैरान था। वैज्ञानिकों के अनुसार आद्रता में गिरावट व हरियाली में आई कमी की वजह से गर्मी का एहसास हुआ।

छांव तलाशने को मजबूर हो गए लोग
जनवरी के प्रथम सप्ताह में मौसम में गर्माहट आश्चर्य में डालता है। हालाकि हल्के बादलों की आवाजाही पूरे दिन रही। जिन्हें देख ठंड में वृद्धि की संभावना नजर आ रही थी।

मगर ठंड के बजाय गर्मी का एहसास बढ़ता चला गया। दोपहर में धूप में खासी तपन महसूस होने लग, जो असहनीय हो गई और लोगों के तन से गर्म कपड़े उतर गए और छांव तलाशने को मजबूर हो गए। शाम करीब चार बजे तक गर्माहट का एहसास बना रहा। इसके बाद हल्की ठंड महसूस होने लगी।

पछुआ हवा का असर
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी नरेंद्र सिंह के अनुसार हरियाली में कमी के साथ सूखे मौसम में आद्रता में गिरावट आने से तापमान में वृद्धि होती है और इससे गर्मी का एहसास बढ़ गया। तेज हवा भी नमी को साथ उड़ा ले जाती है।

गुरुवार को पछुआ हवा का असर रहा था, जो संभवतः काफी मात्रा में आद्रता साथ ले गई। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद के अनुसार अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 43 दर्ज की गई, जबकि सामान्यतः औसतन 70 प्रतिशत के लगभग रहती है।