Uttarakhand News, 22 May 2023: उत्तरकाशी: Chardham Yatra 2023: यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए उत्तर प्रदेश और राजस्थान निवासी दो तीर्थ यात्रियों की मौत हृदय गति रुकने से मौत हुई है। अब तक यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए 16, गंगोत्री धाम की यात्रा पर आए आठ तीर्थयात्रियों की हृदयगति रुकने से मौत हो चुकी है। इसके अलावा यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर दो तीर्थ यात्रियों की चोटिल होने से भी मौत हुई है।

रविवार की सुबह करीब 7:00 बजे जानकी चट्टी के पास खरसाली पुल पर शेषनाथ (77) निवासी हिनौता बनकटी बस्ती उत्तर प्रदेश और सत्यनारायण (58) निवासी बंदनाऊ चुरू सरदार शहर राजस्थान अपने स्वजन के साथ यमुनोत्री धाम जाने की तैयारी कर रहे थे।

तभी दोनों की अचानक तबीयत खराब हो गई। पुल के पास ही दोनों बेहोश हो गए। स्वजन बेहोशी की हालत में किसी तरह से उन्‍हें जानकी चट्टी चिकित्सालय लाए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

केदारनाथ में मौसम साफ, 8400 यात्री हुए रवाना: रविवार को आज सुबह आठ बजे तक पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के अनुसार सोनप्रयाग से श्री केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या 7319 है। गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या 8400 है। केदारनाथ धाम में मौसम साफ है। पैदल मार्ग पर भी आवाजाही सुचारू बनी हुई है।

बदरीनाथ धाम में हेल्प डेस्क स्थापित की: यात्रा को सकुशल संपन्न कराने व वृद्ध, असहाय, दिव्यांगजनों सहित तीर्थयात्रियों को हरसंभव मदद देने को लेकर बदरीनाथ धाम में हेल्प डेस्क स्थापित की गई, जिसमें आठ होमगार्ड स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। होमगार्ड स्वयंसेवक दो शिफ्टों में चार-चार की संख्या में हेल्पडेस्क पर तैनात रहेंगे।

इन जवानों का मुख्य कार्य श्रद्धालुओं को दर्शनों के लिए ले जाना एवं उनको सकुशल वापस लाना है। बताया कि हेल्प डेस्क 24 घंटे कार्य करेगा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही हेल्प डेस्क पर श्रद्धालुओं के अनुभव साझा करने के लिए रजिस्टर भी रखा गया है जिस पर वे अपने अनुभवों को अंकित करेंगे।
कुर्सी की पालकी बनाकर महिला तीर्थयात्री को कराए दर्शन

शनिवार को श्री बदरीनाथ के दर्शनों के लिए मुंबई से आई तीर्थयात्री जेदतेस राज जैन (62) आई थी। केदारनाथ दर्शन से आते वक्त महिला घोड़े से गिर गई थी, जिन्हें काफी चोट आ गई थी जो चलने में असमर्थ थी। लेकिन दर्शन के लिए वह बहुत उत्सुक थी।

महिला के स्वजन ने हेल्प डेस्क में तैनात जवानों को आपबीती बताई। होमगार्ड्स हेल्प डेस्क में नियुक्त पीएस अनिल कुमार होमगार्ड्स, जगदीश सेमवाल, उम्मेद, सतीश ने कुर्सी की पालकी बनाकर महिला तीर्थयात्री को बदरीनाथ मंदिर में दर्शन कराकर सकुशल वापस लाए।