नैनीताल/उत्तराखंड: गोलू देवता के मंदिर में उत्तराखंड के बेरोजगारों ने और बेरोजगारों के माता-पिता ने अर्जी लगाई है। पढ़िए पूरी चिट्ठी

उत्तराखंड को देवभूमि यूं ही नहीं कहा जाता। यहां कदम कदम पर ऐसी शक्तियां विराजमान हैं, जहां दुनिया सर झुकाती है। आप यह भी जानते होंगे कि देवभूमि में न्याय के देवता गोलू देवता का भी मंदिर है। कहा जाता है कि गोलू देवता के दर में इंसाफ की गुहार लगाने वाले को इंसाफ जरूर मिलता है।

इधर उत्तराखंड में लगातार नौकरियों में धांधली की खबरें सामने आ रही हैं और बेरोजगार युवा परेशान है। गोलू देवता के मंदिर में उत्तराखंड के बेरोजगारों ने और बेरोजगारों के माता-पिता ने अर्जी लगाई है। अर्जी में लिखा गया है कि – देवभूमि में यह कैसा अन्याय हुआ? सालों साल मेहनत करने वाले गरीब बच्चे आज बेरोजगारी के लिए परेशान हैं। अर्जी में लिखा गया है कि नेताओं ने अपने बच्चों और रिश्तेदारों को हर जगह फिट कर लिया और बेरोजगार युवा आज दो रोटी के लिए इधर उधर भटक रहा है। अर्जी में आगे लिखा गया है कि हे गोलू देवता अब तुम ही न्याय करना। इस घोटाले में जो भी लोग शामिल हैं उन्हें दंड देना। गरीब मेहनती बच्चों का हिसाब आप ही करना। जिन लोगों ने लूट लूट कर हम को बर्बाद किया है उनका भी हिसाब करना। हे गोल्ज्यू देवता हमारी पीड़ा सुनिए हमारे लिए न्याय कीजिए।