रुड़की: हरिद्वार की रोशनाबाद जेल से एक विचाराधीन कैदी सिविल अस्पताल ऑपरेशन के लिए लाया गया था जो अब फरार हो गया। घटना के समय जेल का एक कांस्टेबल उसकी सुरक्षा में तैनात था। घटना के बाद उसकी तलाश की गई, पर पकड़ा नहीं गया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर जाकर जानकारी ली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

आरोपी नन्हे (36) हरिद्वार की रोशनाबाद जेल में चोरी के मामले में बंद है। पिछले कुछ समय से वह हर्निया की बीमारी से परेशान चल रहा है। हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में ऑपरेशन की व्यवस्था नहीं होने के चलते उसे मंगलवार को सिविल अस्पताल रुड़की के लिए रेफर किया गया था। जब रुड़की के सिविल अस्पताल में उसका ऑपरेशन होना था। तब उसे एक वार्ड में भर्ती किया गया था इस वार्ड में उसकी निगरानी के लिए रोशनाबाद जेल के एक कांस्टेबल को लगाया गया था।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे विचाराधीन कैदी नन्हे अपने हाथ से हथकड़ी निकालकर वहां से फरार हो गया। इसी बीच कांस्टेबल को इसका पता चला। आनन-फानन में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद गंगनहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पूरे जिले की पुलिस हरकत में आई। अभी तक कैदी का कोई पता नहीं चल पाया है।